Monday, March 23, 2009
बसपा का मायाजाल!
पना एक गढ़ मजबूत करने के लिए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने एक दांव खेला तो बसपा प्रमुख मायावती ने उनके दो मजबूत दुर्गो में पेंच फंसा दिये। मध्य उत्तर प्रदेश में लोध वोटों की आस में मुलायम ने राम मंदिर आंदोलन के अगुवा रहे कल्याण सिंह को अपने पाले में क्या किया कि मायावती के भाग्य से जैसे छींका फूट गया और उन्होंने तुरंत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा के मुस्लिम वोट बैंकमें सेंध लगाने की कोशिशें शुरू कर दीं। अपनी इस बदली चुनावी रणनीति के तहत मायावती ने बड़े पैमाने पर प्रत्याशियों में फेरबदल कर सबसे ज्यादा मुस्लिमों को लोकसभा उम्मीदवार बना अपने इरादे साफ कर दिये। बसपा की सबसे बड़ी चिंता पश्चिमी उत्तर प्रदेश को लेकर थी। पिछले साल किसान व जाट नेता महेंद्र सिंह टिकैत से मायावती का जोरदार टकराव हुआ था। उससे बसपा लोकसभा चुनाव के दौरान जाट मतों के नुकसान की आशंका से परेशान थी। इसी बीच मुलायम व कल्याण की दोस्ती ने बसपा की बांछें खिला दी। बसपा ने कल्याण फैक्टर के तुरंत बाद दर्जनभर से अधिक प्रत्याशी बदले हैं, जिसमें जोर मुस्लिम समुदाय पर है। बसपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अमरोहा और संभल सीट पर अपने पूर्व सवर्ण प्रत्याशियों को बदलकर मुस्लिम समुदाय के महदूद मदनी व सपा के पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क को उतार चुकी है। इन दोनों सीटों पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। इसीलिए, पश्चिम की कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत और रुहेलखंड की मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सीतापुर के अलावा पीलीभीत जैसी सीटों पर भी मुस्लिम प्रत्याशी खड़े किए हैं। खीरी सीट पर ज्ञान वाजपेई के स्थान पर इलियास आजमी व गाजीपुर सीट पर तीन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के बाद अब पूर्व सपा सांसद अफजल अंसारी, वाराणसी से बाहुबली मुख्तार अंसारी को मैदान में उतारा जा चुका है। सिर्फ कानपुर अपवाद है। यहां पर पिछले दो साल से बसपा के टिकट पर चुनाव की तैयारी में लगे सलीम अहमद के बजाय पार्टी ने सुखदा मिश्रा को टिकट दिया है। सुलतानपुर सीट से घोषित प्रत्याशी के स्थान पर निवर्तमान सांसद मो. ताहिर को टिकट दिया है। आजमगढ़ में अपने सांसद अकबर अहमद डंपी के स्थान पर मलिक मसूद को प्रत्याशी बनाया गया था। हालांकि शुक्रवार को उन्होंने फिर इस सीट से डंपी के ही नाम की घोषणा कर दी।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment